राजोरी। सेना ने पीर पंजाल इलाकों की लड़कियों को खेलकूद के लिए मंच प्रदान करने के मकसद से सोमवार को खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसका उद्देश्य युवाओं के बीच खेल गतिविधि को बढ़ावा देना और विशेष रूप से लड़कियों को सशक्त बनाने और खुद को अभिव्यक्त करने के लिए मंच प्रदान करना था।
इरीगेशन मैदान कोटरंका में 12 से 15 फरवरी तक चली इस प्रतियोगिता में कुल 96 लड़कियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग की सीनियर वर्ग के लिए छह टीमों की 72 लड़कियों और 14 वर्ष से कम आयु वर्ग की दो टीमों की 24 लड़कियों ने भाग लिया। प्रतियोगी लड़कियों ने जोश के साथ भाग लिया और फाइनल में लड़कियों के बीच कड़ी टक्कर देखी गई। सीनियर वर्ग में बुद्धल से मदरलैंड स्कूल की टीम ने एक करीबी और दिलचस्प प्रतियोगिता में चसाना की टीम को हराया। जूनियर वर्ग में बुद्धल से मदरलैंड स्कूल की टीम ने बुद्धल के कोआपरेटिव स्कूल लिमिटेड की टीम को हराकर प्रतियोगिता जीती। प्रतिभागियों ने सेना को लड़कियों के लिए खेल आयोजित करने के लिए धन्यवाद दिया। इस तरह के खेल आयोजनों का आयोजन अवाम और सेना के बीच मौजूदा संबंधों को और मजबूत करेगा।