-व्यवस्थाएं सही ढंग से लागू करने के लिए विभागों में समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोेरी। उपायुक्त ओम प्रकाश भगत ने अधिकारियों व धार्मिक संगठनों के लोगों के साथ बैठक कर महाशिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। सुरक्षा उपाय, कानून व्यवस्था का रखरखाव, यातायात प्रबंधन, पेयजल और बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य देखभाल जैसी सुविधाओं की तैयारी को लेकर चर्चा की गई। वहीं, भोजन की गुणवत्ता को लेकर निगरानी के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने तैयारियों के हर पहलू की गहनता से जांच की। सभी व्यवस्थाएं लागू करने के लिए विभागों के बीच उचित समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जल शक्ति और बिजली विकास विभाग को पानी और बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने का काम सौंपा। अग्नि व आपातकालीन विभाग के अधिकारियों को तैयारी की स्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया। कहा कि अग्निशमन गाड़ियों को दिन-रात स्टैंडबाय पर रखा जाए। एग्जीक्यूटिव ऑफिसर नगर परिषद राजोेरी को सार्वजनिक समारोहों के दौरान सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग को अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक में एसएसपी अमृतपाल सिंह, एडीडीसी पवन कुमार, एडीसी राजीव कुमार खजूरिया, एएसपी मुसादिक माजिद बसु, डीपीओ मोहम्मद नवाज चौधरी, तहसीलदार वरिंदर शर्मा, एडीएफसीएस एवं सीए रोहित कुमार, ईएक्सईएन जल शक्ति अश्विनी शर्मा, ईएक्सईएन पीडीडी मोहम्मद राशिद सहित राजेश गुप्ता, सुरेश चंदर, सुभाष जंडियाल, पुष्पिंदर गुप्ता, अमरीश गुप्ता, दीपक सपोतरा, गौरव महाजन, अंशुमान चोपड़ा, नवीन महाजन, योगेश शर्मा, कमल शर्मा मौजूद रहे।