राजोरी जिले के दरहाल में सुरक्षा एजेंसियों ने संदिग्ध सामग्री बरामद की है। बरामद सामान में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) में इस्तेमाल होने वाली बैटरियां, दो पुराने बैग-पैक और कुछ डायरी के कवर शामिल हैं। बरामदगी के बाद इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप दरहाल ने सरा-सिमली गली में सोमवार को तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान वन क्षेत्र में संदिग्ध सामग्री बरामद की। एजेंसियों को संदेह है कि यह यहां आतंकी ठिकाना था और इस सामान का आतंकियों की ओर से इस्तेमाल किया गया होगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बरामद सामान कितना पुराना है। सुरक्षा एजेंसियां डायरी कवर और अन्य सामग्री की गहन जांच कर रही हैं ताकि किसी संभावित सुराग तक पहुंचा जा सके। आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।