घने जंगलों में छिपे आतंकवादियों की तलाश में चप्पा-चप्पा खंगाला
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। राजोरी के थन्नामंडी में सर्च ऑपरेशन दूसरे दिन भी जारी रहा। घने जंगलों में छिपे आतंकवादियों की धरपकड़ के लिए सुरक्षाबलों ने चप्पा-चप्पा खंगाला।
बुधवार को दूसरे दिन खराब मौसम धुंध और ऊंची-ऊंची घास के बीच आतंकवादियों को तलाश करने के लिए सुरक्षाबलों ने ड्रोन और खोजी कुत्तों का सहारा लिया, लेकिन फिलहाल कोई भी आतंकवादी सुरक्षाबलों के हत्थे नहीं चढ़ा है। सुरक्षाबलों का संयुक्त कॉर्डन और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
बता दें कि मंगलवार को संदिग्ध गतिविधि देखने के बाद पुलिस की एसओजी टीम ने फायरिंग की थी, लेकिन सामने से कोई जवाब नहीं मिलने पर फायरिंग बंद कर तलाशी अभियान शुरू किया था। सूत्रों के अनुसार ऐसी आशंका जताई जा रही है कि क्षेत्र में 2 से 3 आतंकी घूम रहे थे, लेकिन रात को फायरिंग के बाद ऊंचे घास और खराब मौसम के बीच रात को अंधेरे का लाभ उठाते हुए जंगली इलाके की तरफ भाग निकले।
बताया जा रहा है कि आतंकवादी घने जंगलों में कहीं छिपे हो सकते हैं, इनको ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। सेना, पुलिस और सीआरपीएफ चप्पा-चप्पा खंगाल रहे हैं। थन्नामंडी के अलाल, भंगाई, डीकेजी, शाहदरा शरीफ के जंगलो में सुरक्षाबल तलाशी अभियान चला रहे हैं और कड़ी दिक्कतोे के बीच जंगली इलाके को खंगाल रहे हैं।