जिले की कालाकोट तहसील के तरयाठ गांव में मेटाडोर के पिछले टायर से कुचलने से एक स्कूटर सवार की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, जम्मू-पुंछ नेशनल हाईवे स्थित बथूनी क्षेत्र में एक ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, स्कूटर सवार सेवा सिंह निवासी मोगला सड़क किनारे अपना स्कूटर खड़ा कर मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। तभी मौके पर खड़ी मेटाडोर को उसका क्लीनर पीछे करने लगा और स्कूटर पर चढ़ा दी। इस हादसे में स्कूटर सवार बेहोश होकर नीचे गिर गया। कुछ लोगों ने उसे क्षेत्र के सरकारी पीएचसी पहुंचाया। पीएचसी में डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके से वाहन क्लीनर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है।
उधर, एक अन्य सड़क हादसा तब हुआ, जब राजोरी से जम्मू जा रही एक कार को सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे कार में सवार तीन लोग कुलविंद्र सिंह, करनजीत सिंह और चांद गुप्ता घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भर्ती किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया है। ट्रक चालक फरार बताया जा रहा है।