सुंदरबनी। उपजिला के पहाड़ी क्षेत्रों को सुंदरबनी से जोड़ने वाली लेतर देवक हथल सड़क की हालत खराब होने से परेशान देवक वासियों ने देवक में लोक निर्माण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर सड़क की खस्ताहालत सुधारने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सीआरएफ के तहत निर्माणाधीन लेतर देवक हथल सड़क बरसात के कारण जगह-जगह से टूट चूकी है। इस कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। लोगों ने कहा कि अगर शीघ्र लेतर देवक सड़क पर गड्ढों तथा जगह-जगह से टूटी सड्क को ठीक नहीं कराया गया तो मार्ग पर यातायात बंद होने के कारण पहाड़ी क्षेत्र के लोगों को उपजिला मुख्यालय से सड़क संपर्क कट जाएगा। इससे लोगों को सुंदरबनी तथा अन्य क्षेत्रों में आवाजाही के लिए दिक्कतों का सामना करना पडे़गा। देवक में लोगों ने सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन के बीच पहुंचे लोक निर्माण विभाग के एईई तिलक राज ने आश्वासन दिया कि अगले माह से लेतर देवक हथल सड़क पर काम शुरू किया जा रहा है। ताकि जहां-जहां से सड़क खराब हुई है उसे ठीक कराकर लोगों की परेशानियों को दूर कर दिया जाएगा।
--------
जनसंपर्क अभियान के तहत हाई स्कूल कालीदेह में लगाया गया शिविर
सुंदरबनी। उपराज्यपाल प्रशासन की ओर से लोगों को हो रही परेशानियों तथा शिकायतों को सुनने के लिए शुरू किए गए जनसंपर्क अभियान के तहत उपजिला के हाई स्कूल कालीदेह में एडीसी विनोध कुमार वहनाल ने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ शिविर लगाकर भजवाल की चारों पंचायतों के लोगों की समस्याएं सुनीं। एडीसी ने लोगों को डोमिसाइल, ओबीसी, एससी तथा अन्य कैटेगरियों के प्रमाणपत्र भी वितरित किए। इस मौके पर भजवाल की चारों पंचायतों के पंचों-सरपंचों ने अपनी-अपनी पंचायतों की सड़क, बिजली-पानी तथा अन्य समस्याओं के संबंध में अधिकारियों को बताया जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि बहुत जल्द ही जनता की परेशानियों को दूर करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। संवाद