जिला मुख्यालय से कटा संपर्क, तहसील की करीब 40 हजार आबादी प्रभावित, खाने सहित जरूरत की अन्य वस्तुओं की खलने लगी है कमी
परेशान लोगों ने कल तक सड़क बहाल नहीं करने पर प्रदर्शन की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। दूरदराज तहसील ख्वास को जिला मुख्यालय सहित जम्मू से जोड़ने वाली सड़क भूस्खलन और पस्सियां गिरने से 28 दिन से बंद है। जिला मुख्यालय से संपर्क कटा हुआ है। इस संबंध में अभी तक न तो तहसील, जिला प्रशासन और न ही प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की ओर से कोई कदम उठाया गया है। अब खाने-पीने सहित अन्य जरूरी सामान की किल्लत भी होने लगी है। तहसील की करीब 40 हजार आबादी प्रभावित हो रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द सुध लेकर यातायात बहाल करने की गुहार लगाई है।
स्थानीय वरिष्ठ समाज सेवी लक्की ठाकुर, सरपंच ज्ञान चंद, सुरजीत सिंह ठाकुर, दिनेश सिंह और मोहम्म्द शब्बीर ने इस संबंध में डीसी को एक पत्र लिखा है। इसमें बताया है कि खवास तहसील की जनता 28 दिनों से जम्मू, सुंदरबनी और राजोेरी से जोड़ने वाली मुख्य सड़क के बंद होने के कारण पीड़ित है। पूरा क्षेत्र यातायात सुविधा के बिना बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। वस्तुओं का भी टोटा होने लगा है। पैदल चल कर सामान यहां पहुंचाना नहीं है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन विशेषकर तहसीलदार खवास, एडीसी कोटरंका और डीसी से किया है कि उक्त सड़क को जल्द बहाल किया जाए। वहीं, चेतावनी दी है कि अगर सोमवार तक सड़क पर गिरा मलबा हटा कर यातायात बहाल नहीं किया गया तो मजबूरन सड़कोें पर उतरेंगे और आंदोलन शुरू करेंगे।
ख्वास-राजोरी सड़क पर एक स्थान पर भारी भूस्खलन होने से मलबा गिरा था। जमीन धंस गई थी। इस कारण मलबा हटाने दिक्कत आ रही थी। अब वहां पक्का बेसमेंट बना कर पाइपें डालने के बाद टेंडर डाला गया था। काम भी अलॉट कर दिया गया है। ठेकेदार ने उक्त स्थान पर सामग्री पहुंचा दी है। यदि मौसम साफ रहता है तो जल्द ही मलबा हटा कर काम शुरू कर दिया जाएगा।
- अल्ताफ अहमद, एक्सईएन, पीएमजीएसवाई