आठ से दस महीनों के बकाया वेतन को जल्द प्रदान करने व अपनी अन्य मांगों को लेकर आरईटी शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। रविवार को ऑल जेएंडके आरईटी शिक्षक फोरम के बैनर तले आयोजित विरोध प्रदर्शन में शिक्षकों ने कड़ा रोष प्रकट किया।
शहर की चिल्ड्रन पार्क में आयोजित बैठक में फोरम के जिला प्रधान आफताब तांत्रे, जिला सचिव जहांगीर खान सहित भारी संख्या में आरईटी शिक्षकों ने भाग लिया।
वहीं इस अवसर पर अध्यक्ष ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें वेतन नहीं दिया जा रहे है, लेकिन परेशान करने के लिए स्क्रिनिंग टेस्ट लेने की बात कही जा रही है।
पिछले आठ से दस महीनों का आरईटी शिक्षकों को वेतन नहीं मिला है। इसके इलावा शिक्षकों के लिए कोई ठोस ट्रांसफर पालिसी भी नहीं बनाई जा रही है।
गुस्साए शिक्षकों ने शनिवार को हड़ताल कर रहे आरईटी शिक्षकों पर लाठीचार्ज करने की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस तरह से हमारी आवाज को खामोश करने का प्रयास किया जा रहा है।
आरईटी शिक्षक अपने अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन उनकी चिंता किसी को नहीं है। उन्होंने राज्यपाल से गुहार लगाते हुए कहा कि वह जल्द बकाया वेतन प्रदान के अलावा स्क्रिनिंग टेस्ट पर रोक लगाने के भी निर्देश जारी करें।