गणतंत्र दिवस को लेकर बच्चे बढ़े उत्साहित दिख रहे हैं। शहर के विभिन्न सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के बच्चे गणतंत्र दिवस पर रंगारंग कार्यक्रम पेश कर समां बांधने की तैयारियां कर रहे हैं।
शहर के खेवरा स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में करीब 20 स्कूलों के बच्चे, पुलिस, सीआरपीएफ, आर्म्ड पुलिस, एनसीसी के कैडेट्स मार्च पास्ट की तैयारियों में जुटे हैं। बच्चे या फिर पुलिस और अन्य जवान मार्च पास्ट में हर कोई बड़े उत्साह से तैयारी करता दिख रहा है।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में रिहर्सल के बाद बच्चे अपने-अपने स्कूलों में भी तैयारियां कर रहे हैं। उधर डीसी राजोरी शब्बीर अहमद बट ने गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम का वेन्यू बदलने के निर्देश जारी किए हैं। डीसी ने स्पोर्ट्स स्टेडियम को जाने वाली सड़क मार्ग की खस्ता हालत और वहां लगने वाले लंबे-लंबे जाम के कारण वेन्यू बदलने का फैसला लिया है।
डीसी ने बताया कि अब हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मुख्य कार्यक्रम जिला पुलिस लाइन ग्राउंड में होगा। जिला पुलिस लाइन ग्राउंड में ही हर वर्ष कार्यक्रम होता रहा है। डीसी ने सभी स्कूलों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह रिहर्सल के लिए भी जिला पुलिस लाइन पहुंचे और मुख्य कार्यक्रम के लिए भी जिला पुलिस लाइन ग्राउंड को ही तैयार करें।