राजोरी। जिला मुख्यालय के अलावा विभिन्न इलाकों मे श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश परब धूमधाम से मनाया गया। नगर स्थित ऐतिहासिक छटी पादशाही गुरुद्वारा साहिब में सुबह से ही कीर्तन किया गया। संगत ने गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर कोरोना से मुक्ति की अरदास की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के संरक्षक सरदार जसविंदर सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी का जन्म 15 अप्रैल 1469 को राय भोई दी तलवंडी में हुआ था, जो अब पाकिस्तान के पंजाब प्रांत स्थित ननकाना साहिब में है। इस जगह का नाम ही गुरु नानक देव जी के नाम पर पड़ा। पूर्व अध्यक्ष सरदार निर्माण सिंह ने कहा कि बाबा नानक ने अपना पूरा जीवन मानवता की सेवा में लगा दिया। उन्होंने ही सिख समाज की नींव रखी। कार्यक्रम में दलबीर शहर और अन्य इलाकों से आई संगत ने गुरुद्वारा साहिब में माथा टेका। रागी जत्थे ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया। बच्चों ने कविताएं सुनाकर सबका मन मोह लिया।