राजोरी। स्थानीय लोगों को ई-श्रम और आयुष्मान भारत योजनाओं से जोड़ने के लिए शनिवार को सेना ने विशेष शिविर का आयोजन किया। राजोरी की बुद्धल तहसील के समोट गांव स्थित सेना की राष्ट्रीय राइफल बटालियन ने सीएससी खवास के सहयोग से तरगाई गांव में पंजीकरण शिविर लगाया। सेना के अधिकारियों ने लोगों को इन योजनाओं के फायदे भी बताए। बताया गया कि इससे कामगारों को दो लाख के दुर्घटना बीमा कवर और आयुष्मान भारत योजना का लाभ पाने में मदद मिलेगी। ई-श्रम और आयुष्मान भारत योजना के लिए कुल 47 स्थानीय लोगों ने पंजीकरण कराया। प्रमुख स्थानीय लोगों, गांव के बुजुर्गों, सरपंचों और पंचों ने सेना की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी दानिश ठाकुर ने बताया कि आने वाले दिनों में भी ऐसे शिविर लगाए जाएंगे।