मौसम में बदलाव के कारण लोगों को अप्रैल के महीने में हो रहा सर्दी का अहसास
सर्दी से हाल बेहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। शहर व आसपास के इलाकों में वीरवार को रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला शाम तक जारी रहा। वहीं पीर पंजाल के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश और हल्की बर्फबारी के चलते अप्रैल के महीने में भी लोगों को दिसंबर जैसी सर्दी का एहसास हो रहा है। हालांकि इससे पहले मंगलवार और बुधवार को मौसम साफ रहा।
कृषि विज्ञान केंद्र राजोरी के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ अरविंद कुमार इशर ने बताया कि ऐसा वर्षों बाद हुआ है, जब अप्रैल के मध्य में भी दिसंबर जैसी सर्दी महसूस की हो। पहाड़ी इलाकों बुद्धल, थन्नामंडी, कोटरंका, मंजाकोट, दरहाल आदि ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी और तहसील मुख्यालय में बारिश के चलते लोग ठिठुरने पर मजबूर हुए हैं।
बुद्धल निवासी विजय कुमार, इमरान खान, रविंद्र सिंह, आदि ने बताया कि पहाड़ी इलाकों से आ रही सर्द हवा ठंड में इजाफा कर रही है। इससे दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।