संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। राजोरी कोटली और नगून के जंगलोें में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। गर्मी के चलते आग पर काबू पाने में कई दिक्कतें आ रही हैं। फाॅरेस्ट प्रोटेक्शन फोर्स की टीम, असिस्टेंट डायरेक्टर मसूद अहमद, दमकल कर्मचारी और वन विभाग के कर्मचारी, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के स्टेशन इंचार्ज मकबूल हुसैन दिनभर आग पर काबू पाने के लिए मशक्कत करते रहे।
फारेस्ट प्रोटेक्शन फोर्स, वन विभाग के कर्मियों ने दमकल कर्मियों की मदद से कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस आग के चलते करोड़ों रुपये की वन संपदा जलकर नष्ट हो गई है। वहीं असिस्टेंट डायरेक्टर ने लोगों से अपील की है कि कुछ लोग अपने निजी स्वार्थ के लिए जंगलों में आग लगाने का काम करते हैं और इस भीषण गर्मी में जंगली जानवर और पशु पक्षी आग में झुलस रहे हैं। विभाग 24 घंटे आग बुझाने के कार्य में व्यस्त है, लेकिन इसके बावजूद कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। झुुुलसा देने वाली गर्मी में आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। कई जानवर मौत का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से जंगलों में आग न लगाने की अपील की है। संवाद