राजोरी। जिले के पहाड़ी इलाकों और मैदानी इलाकों में शनिवार रविवार रात को हुई हल्की बारिश और पीर पंजाल के पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते शहर व आसपास के इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी इलाकोें में भी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। रात को करीब 10:00 बजे शहर और पहाड़ी इलाकों ने बादल गरजने और बिजली चमकने का सिलसिला शुरू हुआ। उसके बाद हल्की बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो गई।
रविवार को बारिश तो नहीं हुई, लेकिन काले घने बादल छाए रहे। दिन भर घने बादलों और सूर्य की किरणों के बीच आंख मिचौनी का खेल चलता रहा। उधर जिले के पहाड़ी इलाकों कंडी, बुद्धल, दरहाल, थन्नामंडी, मंजाकोट के पीर पंजाल के पहाड़ों पर रात को बर्फबारी के चलते पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ शहर में भी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। जिले के पहाड़ी इलाकों में सर्दी बढ़ने से लोगों को आग का सहारा लेने के साथ-साथ गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को राजोरी का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि रात के समय तापमान में और भी गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है।