सुंदरबनी। सुंदरबनी और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने किसानों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। हालांकि क्षेत्र में बारिश से बढ़ते तापमान के कारण गर्मी से लोगों को राहत जरूर मिली है। इस समय हो रही बारिश से गेहूं की कटी तथा खड़ी फसल को काफी नुकसान हो रहा है।
इस संबंध में क्षेत्र के किसानों बालक राम, जोगिंद्र पाल, सतपाल, रामलाल, प्रवीण कुमार, मदन लाल, प्रेम कुमार, कृष्ण लाल आदि का कहना है कि इस समय गेहूं की फसल कटने के लिए तैयार है। बहुत से किसानों ने तो 50 प्रतिशत तक कटाई कर भी ली है, लेकिन मंगलवार सुबह से शुरू हुई बारिश से गेहूं की फसल को काफी नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस समय बारिश की कोई जरूरत नहीं थी। अगर एक सप्ताह तक बारिश नहीं होती तो वह लोग गेहूं की फसल को पूरी तरह से समेट लेते थे, लेकिन बारिश से उनकी फसल को नुकसान होने के आसार बन गए हैं।