राजोरी। लंबित मांगें पूर्ण नहीं होने पर जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मियों के सब्र का बांध वीरवार को फूट गया। उन्होंने शहर में रैली निकाल कर सरकार के प्रति रोष जताया है। साथ ही मांगों को पूर्ण करने गुहार लगाई है।
वीरवार को बड़ी संख्या में अस्थायी कर्मचारी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के कार्यालय के परिसर में पहुंचे और नारेबाजी कर रोष जताया। इसके बाद रैली निकाली गई। गुज्जर मंडी चौक में कर्मियों ने बताया कि रैली निकाल कर सरकार को बताने की कोशिश कर रहे हैं कि उनकी दिक्कतों को देखें। कर्मी मांगों को लेकर तीन महीने से प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सरकार से जल्द यूटी की तर्ज पर वेतन, 72 माह का बकाया वेतन और समय अवधि पूर्ण कर चुके कर्मियों को स्थायी करने की मांग उठाई है।