जेएनयू में देश विरोधी नारेबाजी को लेकर प्रदर्शन थम नहीं रहे हैं। वीरवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जेएनयू में देश विरोधी नारेबाजी करने वाले देश द्रोहियों को कड़ी सजा की मांग को लेकर रोष रैली निकाली। अभाविप के सिटी प्रधान विशाल दीप चंदन की अध्यक्षता में निकाली रोष रैली में भारी संख्या में छात्रों ने भाग लिया।
शहर के मुख्य तहसील परिसर से निकाली गई रैली मुख्य बाजार से होते हुए सिटी चौक पहुंची। वहीं इस अवसर पर अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से गुहार लगाते हुए कहा कि वह देश द्रोही गतिविधियों में शामिल छात्र नेताओं के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस पर दबाव बनाएं।
उमर खालिद सहित जो भी छात्र नेता इस मामले में गिरफ्तार हुए हैं उन पर पीएसए लगाने के साथ उन्हें विश्वविद्यालय से निकाल बाहर कर देना चाहिए।
वहीं एबीवीपी नेताओं ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल भी देश द्रोहियों के साथ मिल बैठे हैं और कांग्रेस को अब इस बात का खामियाजा भुगतना होगा।
जो भी सियासी नेता अपने सियासी लाभ के लिए देश द्रोही लोगों का साथ देगा उन्हें देश की जनता कभी क्षमा नहीं करेगी। वहीं एबीवीपी ने अपील करते हुए कहा कि जेएनयू में देश विरोधी गतिविधियों में शामिल सभी छात्रों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें ऐसी कठोर सजा दी जाए, कि भविष्य में कोई भी छात्र देश के खिलाफ साजिश रचने की हिम्मत न करे।