बिजली की अघोषित कटौती व पेयजल की भारी किल्लत से जूझ रहे शहर के जवाहरनगर ठुडी क्षेत्र के लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। शनिवार को लोगों ने राजोरी कालाकोट बुद्धल सड़क मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
उन्होंने जिला प्रशासन व संबंधित विभागों के खिलाफ नारेबाजी भी की। उन्होंने बताया कि पिछले करीब दस दिनों से उनके घरों में पीएचई की पाइपों से पानी नहीं आया है। पीएचई सप्लाई ठप पड़ी है और क्षेत्र में लगा एक मात्र हैंडपंप भी काफी समय से खराब है।
बार-बार पीएचई विभाग के एक्सईएन कार्यालय पहुंच गुहार लगाने के बाद भी जब कोई कदम नहीं उठाया गया, तो मजबूर होकर लोगों को प्रदर्शन करना पड़ा। गुस्साए लोगों ने बताया कि बिजली की अघोषित कटोती के चलते भी लोगों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
बिजली की आंखमिचौली से जहां एक तरफ व्यापारियों के काम काज पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है तो दूसरी तरफ स्कूल कालेज विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। बिजली की अघोषित कटौती जल्द बंद करने की गुहार लगाई गई। वहीं करीब दो घंटे तक प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे पीएचई विभाग के एक जेई व पुलिस ने अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पेयजल सप्लाई को सुचारू बना दिया जाएगा।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिलाया कि बिजली कटोती पर रोक के लिए भी बिजली विभाग से बात की जाएगी। वहीं प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही दोनों समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो उग्र प्रदर्शन करेंगे।