राजोरी। परीक्षाएं ऑनलाइन करवाने की मांग को लेकर 12वीं कक्षा के छात्रों ने वीरवार को जम्मू-कश्मीर शिक्षा बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन किया। डाक बंगले में एकत्र हुए छात्र ने रैली निकालकर बोर्ड के सब ऑफिस कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यालय के बाहर धरना देते हुए कहा कि कोरोना के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हुई है। उन्होंने लंबे समय तक ऑनलाइन पढ़ाई की है, जिसके चलते उन्हें कई प्रकार की दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा है। विद्यार्थियों ने कहा कि पूरा साल जम्मू कश्मीर में इंटरनेट सेवा भी बाधित रही। इससे ऑनलाइन पढ़ाई करने में परेशानी हुई। अब जम्मू-कश्मीर स्कूल एजुकेशन बोर्ड ने 12वीं कक्षा की परीक्षा ऑफलाइन लेने को तैयार है। इसकी तारीख भी जारी कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि अभी भी कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। शिक्षा विभाग ऑफलाइन परीक्षा लेकर उनकी जिंदगी को जोखिम में डाल रहा है। उन्होंने निदेशक से अपील करते हुए कहा कि वह ऑनलाइन परीक्षा ही आयोजित करें।