जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले बकरवाल समुदाय के लोगों ने मंगलवार को राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। शहर की चिल्ड्रन पार्क में जमा समुदाय के लोगों ने राज्य की भाजपा-पीडीपी गठबंदन सरकार पर समुदाय के साथ भेदभाव का आरोप लगाया।
बकरवाल वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित विरोध प्रदर्शन में उन्होंने कहा कि सरकार ने उन्हें किसी भी क्षेत्र में कोई सुविधा प्रदान नहीं करवाई है। समुदाय के बच्चों के लिए खोले गए मोबाइल स्कूलों में शिक्षक ही नहीं हैं। स्वास्थ्य सुविधओं के लिए उन्हें दरबदर भटकना पड़ता है।
एसोसिएशन के प्रधान हाजी अब्दुल रशीद ने कहा कि इतना ही नहीं गुज्जर बकरवाल सलाहकार बोर्ड में भी बकरवाल समुदाय के एक भी व्यक्ति को बोर्ड का सदसय नहीं बनाया गया है। सरकारी राशन भी हमे उपलब्ध नहीं करवाया जाता है। वोट मांगते समय सियासी पार्टियों के नेता उनसे कई प्रकार के वादे करते हैं और सत्ता में आते ही सब भूल जाते हैं।
गुस्साए लोगों ने सरकार से गुहार लगाते हुए कहा कि वह बकरवाल समुदाय की दोबारा से जनगणना करवाएं और उन्हें हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। वहीं उन्होंने गुहार लगाते हुए कहा कि सलाहकार बोर्ड का पुनः गठन किया जाए और बकरवाल समुदाय को भी बोर्ड में शामिल किया जाए। वहीं उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सरकार ने हमारे साथ भेदभाव खत्म कर हमारी सभी मांगों को नहीं माना तो सरकार के खिलाफ जन आंदोलन छेडेंगे।