सोमवार को बड़ी संख्या में लोगों ने सीएपीडी कार्यालय का घेराव कर विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नए राशन कार्ड बनाने के मामले को लेकर लोगों में रोष है।
गुस्साए लोगों ने कहा कि नए राशन कार्ड बनाने के लिए विभाग ने सभी लोगों से पुराने राशन कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक की पासबुक व तीन-तीन फोटो लिए थे। इतनी अधिक औपचारिकताएं देने में लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लेकिन विभाग ने जब नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की तो उसके लिए केवल पुराने राशन कार्ड की एक कापी व एक ही फोटो लगाया गया। बाकी सभी दस्तावेजों व दो फोटो के विभाग के कर्मियों ने फाड़ कर फेंक दिए।
इतना ही नहीं, लोगों की दो फोटो को यहां वहां फेंक दिया। सीएपीडी कार्यालय के आगे पीछे लोगों के फोटो व अन्य दस्तावेजों के ढेर लगे हुए हैं। प्रदर्शन कर रहे मुश्ताक बट्ट, राजेश कुमार, मोहम्मद अल्ताफ आदि ने कहा कि कोई भी व्यक्ति इन फोटो व अन्य जरूरी दस्तावेजों का दुरुपयोग कर सकता है।
सीएपीडी विभाग की लापरवाही के कारण कोई भी व्यक्ति फंस सकता है। वहीं प्रदर्शनकारियों को शांत करवाते हुए विभाग के सहायक निदेशक ने भरोसा दिलाया कि वह दस्तावेज व फोटो को ऐसे फेंकने वाले कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। एडी ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि पहले सीएपीडी मंत्री ने यह सभी औपचारिकताओं के साथ ही नए राशन कार्ड बनाने के आदेश जारी किए थे, लेकिन बाद में मंत्री ने अपने निर्देश को बदलते हुए केवल एक फोटो व पुराने राशन कार्ड की कापी लगाने के लिए कहा था।