जैसे-जैसे सर्दी बढ़ती जा रही है और कालेज विद्यार्थियों की परीक्षाओं का समय पास आता जा रहा है, वैसे-वैसे ही बिजली की अघोषित कटौती भी बढ़ती जा रही है। रविवार को जिले के थन्नामंडी क्षेत्र में सरकारी डिग्री कालेज के विद्यार्थियों ने बिजली विभाग के प्रति कड़ा रोष प्रकट करते हुए जमकर प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि 24 घंटे में केवल दो या तीन घंटे ही बिजली दी जाती है। बीए पार्ट वन के छात्र इरफान ने बताया कि कुछ ही दिनों में पार्ट वन के विद्यार्थियों की पहले सेमेस्टर की परीक्षा शुरू होने वाली है, लेकिन बिजली की आंख मिचौली से उन्हें बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हिन्न बट्ट ने कड़ा रोष प्रकट करते हुए बताया कि भीषण सर्दी में जब भी पढ़ाई करने बैठो, बिजली बंद हो जाती है। दिन भर बिजली की आंख मिचौली चलती रहती है।