सभी सरकारी कार्यालयों के एक ही छत के नीचे काम करने की राजोरी वासियों के सपने के साकार होने की अभी शुरूआत भी नहीं हुई है कि विभिन्न सियासी पार्टियों में मिनी सचिवालय बनाने को लेकर खींचतान शुरू हो गई है।
राजोरी थन्नामंडी मुगल रोड स्थित खेवरा क्षेत्र में ही मिनी सचिवालय का निर्माण हो, इस बात को लेकर शुक्रवार से नेकां युवा नेताओं ने भूख हड़ताल शुरू कर दी।
डीसी कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल पर बैठे युवा नेकां नेता मोहम्मद सईज जट्ट व उनके कुछ अन्य साथियों ने मौजूदा गठबंधन सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जान बूझ कर मिनी सचिवालय को लेकर विवाद खड़ा कर रही है।
पूर्व सरकार द्वारा मिनी सचिवालय के निर्माण को लेकर ख्वरा क्षेत्र में जगह भी देख ली थी और नींव भर निर्माण शुरू करने के लिए फंड भी उपलब्ध करवाए थे। लेकिन भाजपा पीडीपी के सत्ता में आते ही मिनी सचिवालय के निर्माण को लेकर सियासत शुरू कर दी गई।
भाजपा नेता खेवरा के बजाए मुरादपुर या फिर किसी अन्य स्थान पर निर्माण करवाना चाहते हैं। यह नेकां कभी होने नहीं देगी।