उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चाैधरी ने रोगी कल्याण समिति के साथ की बैठक
नौशेरा। उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी ने सोमवार को उप जिला अस्पताल नौशेरा पहुंचकर रोगी कल्याण समिति की बैठक लेकर अधिकारियों को दिशानिर्देश दिए। उन्होंने सुरेंद्र चौधरी ने रोगी कल्याण समिति की बैठक लेकर अस्पताल की बेहतरी व मरीजों को बेहतर उपचार मुहैया करवाने के लिए डॉक्टरों से अपील की।
उन्होंने कहा कि डाॅक्टर अपनी ड्यूटी ईमानदारी के साथ निभाएं। मरीज को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 11 सालों से अस्पताल में राजनीति चलती आ रही है। अस्पताल के अंदर सियासत नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि डॉक्टरों व स्टाफ की कमी के बारे में सूची मांगी है। स्वास्थ विभाग की मंत्री सकीना इत्तू से बात करके अस्पताल में सुविधाओं को मुहैया करवाने का प्रयास किया जाएगा। पुराने हॉस्पिटल के लिए बेहतरीन योजना बनाने के लिए मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी, एडीसी और बीएमओ नौशेरा को दी गई है। पिछले 13-14 सालों से उप जिला अस्पताल की इमारत का काम चल रहा है जिसे दिसंबर 2025 तक पूरा करके जनता को सौंप दिया जाएगा।
इस मौके पर रोगी कल्याण समिति के सदस्यों, एडीसी नौशेरा प्रीतम लाल थापा, बीएमओ डॉक्टर चंद्र प्रकाश, मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी विभाग, मुख्य अभियंता जल शक्ति विभाग व अन्य अधिकारी माैजूद रहे।