ऐतिहासिक मुगल रोड और राजोरी पुंछ के पहाड़ी इलाकों में बुधवार को फिर से बर्फबारी हुई। इस बर्फबारी की वजह से मुगल रोड पर यातायात ठप हो गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुगल रोड पर जिले के थन्नामंडी तहसील के डेरा की गली, पीर की गली से लेकर शोपियां तक भारी बर्फबारी हुई है। कुछ जगहों पर दो फुट से ज्यादा तक बर्फ जमा होने की खबर है। वहीं बर्फबारी की वजह से अनिश्चितकाल के लिए मुगल रोड पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
वहीं राजोरी जिले के बुद्धल, थन्नामंडी, दरहाल, कोटरंका आदि पहाड़ी इलाकों में बुधवार को बर्फबारी हुई। इस ताजा बर्फबारी की वजह से जिले के सभी इलाकों में ठंड और बढ़ गई है। वहीं दूसरी ओर बर्फबारी की वजह से बुुनियादी सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं। वहीं शहर में भी दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी हुई।
जिले की सुंदरबनी तहसील की बात करे तो तहसील और आसपास के इलाकों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। ठंड की वजह से लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हैं। वहीं बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर बाद धूम खिलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली लेकिन कुछ ही देर बाद दोबारा आसमान में बादल छा गए।
वहीं दूसरी ओर दोपहर बाद सीमावर्ती जिले पुंछ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों सब्जियां, गगड़ियां, लोरन, हिलकाका, पीरगली, पोशाना, डोगरेया,चंडीमाड़ा और देहरा गली, सुरनकोट तहसील के बफलियाज, दाराबा में बर्फबारी हुई। शाम करीब चार बजे पुंछ नगर में भी करीब बीस मिनट तक बर्फबारी हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुगलरोड पर स्थित पीर की गली में तीन से साढ़े तीन फुट तक बर्फबारी हुई है। वहीं जिले की मेंढर तहसील के ऊंचे पहाड़ों और कसबे में भी कुछ देर तक बर्फ गिरी।