सुरनकोट और पुंछ नगर में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे पर सुरक्षा पुख्ता की गई है।
पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने सोमवार को तीन बार मॉक ड्रिल कर सुरक्षा व्यवस्था जांची। अपने दौरे के समय सोनिया और राहुल गांधी बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगी।
कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन दिन भी सुरक्षा तैयारियों में जुटा रहा। मॉक ड्रिल के दौरान यह रिहर्सल किया गया कि दोनों नेताओं को किस तरह दोनों स्थानों पर बिना अवरोधों के ले जाया जाए।
सोनिया और राहुल मंगलवार की दोपहर सुरनकोट और पुंछ नगर पहुंचेंगे। वह सबसे पहले पुलस्त नदी किनारे, जहां बाढ़ से अधिक तबाही हुई है, वहां जाएंगे। इसके बाद गुजर हास्टल स्थित बाढ़ राहत शिविर में पीड़ितों से मुलाकात करेंगे।
सूत्रों के अनुसार इन नेताओं के काफिले वाले मार्ग पर अन्य वाहनों और पैदल आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इतना ही नहीं, जिन क्षेत्रों में राहुल और सोनियां गांधी की आवाजाही रहेगी, उन क्षेत्रों में दुकानें और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी बंद रहेंगे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।