राजोेरी। राजोेरी-थन्नामंडी मार्ग को फोर लेन बनाने की तैयारियां जोरों पर है। इसी को ध्यान में रखते हुए सोमवार को जिला विकास आयुक्त राजेश कुमार शवन ने सभी संबंधित अधिकारियों के साथ एक बैठक का आयोजन किया।
इस बैठक में सड़क निर्माण के लिए पड़ने वाली जरूरतों और पर्यावरण को नुकसान देने वाले कारकों पर चर्चा हुई। निर्माण कार्य शुरू होने से पहले राजेश कुमार ने ग्रेफ और राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि जल्द एक उपयुक्त स्थान की खोज की जाए जहां उस मलबे को डाला जा सके जो निर्माण कार्य के दौरान एकत्र होगा। इसके साथ उन्होंने थन्नामंडी के एसडीएम और मुख्य उद्यान अधिकारी को आदेश दिए कि सड़क पर लगने वाले फलदार एवं गैर फलदार वृक्षों की सूची तैयार की जाए। इसके लिए उन्हें दो दिन का समय भी दिया गया है।
राजेश कुमार ने जल शक्ति विभाग एवं जेपीडीसीएल की उपयोगिताओं को राजोेरी थन्नामंडी रोड और पीएमजीएसवाई विभाग के तहत आने वाली सड़कों पर दो दिन के अंदर शिफ्ट करने का संयुक्त सत्यापन करने को भी कहा। साथ ही उन्होंने काम कर रहीं एजेंसियों पर परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने को सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि इसे एक निश्चित समयसीमा में जनता को समर्पित किया जा सके।
उपायुक्त ने कार्यकारी एजेंसियों पर भी जोर दिया कि यदि विकास परियोजनाओं की गति में कोई समस्या उत्पन्न होती है तो जिला प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए, ताकि इसे जल्द से जल्द हल किया जा सके। उन्होंने कार्य में सही परिणाम पाने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों को उत्पादक और प्रभावी ढंग से जुटाने पर जोर दिया।