सुंदरबनी। नग पालिका के प्रधान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को उपराज्यपाल जीसी मुर्मू से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। प्रधान राजेंद्र शर्मा के साथ उपप्रधान मोहन लाल पराशर, पार्षद सुखदेव सिंह, अशोक कुमार तथा मनोज कुमार ने उपराज्यपाल से सुंदरबनी के लोगों को पेश आ रही परेशानियों को दूर करने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की।
राजेंद्र शर्मा ने कहा कि सुंदरबनी के लोगों को बिजली की बहुत बड़ी समस्या से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 15 वर्ष से स्योट में निर्माणाधीन ग्रिड स्टेशन से सुंदरबनी को बिजली आपूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। उन्होंने स्योट ग्रिड स्टेशन को जल्द शुरू कराकर क्षेत्र में बिजली की समस्या को दूर करने की गुहार लगाई। उपजिला अस्पताल सुंदरबनी के साथ बने वेटनरी अस्पताल को शहर से बाहर शिफ्ट करके वेटनरी अस्पताल की जमीन को स्वास्थ्य विभाग को देकर ट्रामा अस्पताल बनाने, जम्मू-पुंछ राजमार्ग पर कठानू के पास आर्म्ड पुलिस की जमीन को म्यूनिसिपल कमेटी को देने, नगर में खाली पड़ी कस्टोडियन विभाग की जमीन को म्यूनिसिपल कमेटी के हवाले किया जाए, ताकि नगर में विकास के लिए जमीन का इस्तेमाल हो सके।
प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल से गुहार लगाई कि कोरोना महामारी के चलते यहां देशभर में अनलॉक चल रहा है। यहां से कोरोना संक्रमित मरीज आ रहे हैं। उसी क्षेत्र या मोहल्ले को रेड जोन घोषित किया जा रहा है, लेकिन सुंदरबनी पूरे शहर को रेड जोन घोषित कर बंद रखा गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को सुनने के बाद उपराज्यपाल ने उन्हें आश्वासन देते हुए कहा कि उनकी सभी मांगें जायज हैं और सभी मांगों को वह संबंधित विभागों के आलाधिकारियों से विचार विमर्श के बाद हल करा देंगे ।