राजोरी। जिले की बुद्धल तहसील के गब्बर इलाके में तीन बच्चों की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जबकि मायके वालों ने ससुराल के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय महिला परवीन अख्तर पत्नी मुस्ताक अहमद संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे में अचेत पड़ी मिली। परिवार के लोगों ने उसे बुद्धल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत लाया करार दे दिया। प्राथमिक जांच में डॉक्टर ने बताया कि उसकी मौत जहर निगलने से हुई है। वहीं पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कंडी स्थित सरकारी अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम कराया व अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिवार को सौंप दिया। उधर मृतका के मायके वालों ने ससुराल पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि 13 वर्ष पहले उनकी बेटी का विवाह हुआ था, लेकिन ससुराल वाले तभी से उसे ही परेशान कर रहे थे और प्रताड़ित करते आ रहे थे। तीन बच्चों की मां को ससुराल में देवर, देवरानी व परिवार के अन्य लोग बहुत परेशान करते थे। अक्सर उसके साथ मारपीट किया करते थे। मायके वालों ने आरोप लगाया कि ससुराल के लोगों ने ही उसे जहर देकर मार डाला है। बाद में उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है। परिवार के लोगों का कहना है कि मौत के कई घंटे के बाद भी मायके वालों को खबर नहीं दी गई और आस-पड़ोस के लोगों ने ही उन्हें बताया कि उनकी बेटी मर चुकी है। कहा कि यदि ससुराल वाले सच्चे होते तो समय पर उन्हें सूचना देते, ताकि वह समय पर वहां पहुंच पाते। उधर पुलिस ने धारा 174 का मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।