विशाल मेगा मार्ट की लिफ्ट अचानक हुई बंद, अभिभावकों में रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। शहर में सोमवार को विशाल मेगा मार्ट की लिफ्ट अचानक बंद हो गई। इस कारण विशाल मेगा मार्ट शॉपिंग करने गए अभिभावक व बच्चे लिफ्ट बंद होने से आधा घंटा इसमें फंसे रहे।
बच्चों के अभिभावकों ने बताया कि लिफ्ट उस समय अचानक बंद हो गई, जब बिजली गुल हुई और उस समय लिफ्ट के अंदर कुछ बच्चे मौजूद थे, जो लिफ्ट से ग्राउंड फ्लोर पर आ रहे थे। बिजली बंद होने से लिफ्ट बंद हुई और परेशानी उस समय बनी जब जनरेटर चलाने के लिए तेल ही नहीं था। लिफ्ट में फंसे बच्चों के अभिभावकों ने उस समय शोर मचाना शुरू कर दिया जब उन्हें मालूम पड़ा कि विशाल मेगा मार्ट में जनरेटर चलाने के लिए तेल उपलब्ध नहीं है। लिफ्ट में फंसी एक बच्ची की मां ने बताया कि उनकी बच्ची को सांस लेने में दिक्कत रहती है इसलिए पैदल चल कर सीढि़यां नहीं चढ़ सकती और लिफ्ट से शॉपिंग करने ऊपर वाले फ्लोर पर जा रही थी। मगर लिफ्ट बंद होने के 20 से 25 मिनट तक भी बिजली का कोई बंदोेबस्त नहीं किया गया। एक अन्य अभिभावक ने भी कड़ा रोष प्रकट करते हुए बताया कि विशाल मेगा मार्ट में इस प्रकार की लापरवाही का संज्ञान जिला प्रशासन और पुलिस को लेना चाहिए। वहीं मार्ट के काउंटर पर खड़े एक कर्मचारी ने बताया कि जनरेटर में तेल नहीं होने से इस लिफ्ट को कुछ समय तक बंद रहना पड़ा।