राजोरी में धरना देते छात्र और उनके अभिभावक।
- फोटो : RAJOURI
राजोरी। जिले के कालाकोट सब डिवीजन के मोगला क्षेत्र में सरकारी डिग्री कालेज की मांग को लेकर सोमवार को धरना प्रदर्शन जारी रहा। पिछले दस दिनों से लगातार मोगला वासी सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को भी प्रदर्शनकारियों ने राजोरी मोगला सड़क मार्ग जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर भारी संख्या में मोगला व आसपास के इलाकों से स्थानीय लोगों ने दुकानें बंद कर जोरदार प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ कड़ा रोष प्रकट किया। लोगों ने इस अवसर पर जमकर पूर्व पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार के पूर्व पशुपालन मंत्री और स्थानीय पूर्व एमएलए अब्दुल गनी कोहली के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोगला के लोग पिछले काफी समय से सरकारी डिग्री कॉलेज की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनके साथ भेदभाव कर रही है। पिछले दस दिनों से लोग सड़कों पर हैं और सरकार को उनकी कोई चिंता ही नहीं है। वहीं उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक मोगला में डिग्री कॉलेज नहीं खुलता यह धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।