राजोेरी में कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोेरी। जिला मुख्यालय राजोेरी में वीरवार को कांग्रेस के बैनर तले छात्रों की गूंज शीर्षक से विशाल और प्रभावशाली कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की गई।
कार्यक्रम का आयोजन जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा के गतिशील नेतृत्व में किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी राजोेरी के अध्यक्ष अशोक शर्मा ने की। कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नीट पेपर लीक मामले को लेकर गंभीर चर्चा की गई।
वक्ताओं ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने तथा इस घोटाले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। प्रतिभागियों और छात्रों ने केंद्र सरकार से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की। वक्ताओं ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं से देशभर के लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है और इससे छात्रों का शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर पड़ा है।
कार्यक्रम में बताया गया कि यह आंदोलन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा राजस्थान के कोटा से शुरू किए गए छात्र आंदोलन का हिस्सा है, जिसके तहत देशभर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बैनर तले छात्र समुदाय द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2026 की नीट परीक्षा में दो बार शामिल हुए लगभग 22.7 लाख छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। छात्रों ने सरकार से जल्द न्याय सुनिश्चित करने और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने की मांग की।