जल जीवन मिशन और मैकेनिकल विभाग के खिलाफ की नारेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोेरी। जिले की दरहाल तहसील के मल्हट पंचायत में पेयजल संकट को लेकर लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता मुर्तजा मिर्जा ने किया। इस दौरान ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन विभाग और मैकेनिकल विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोनों विभागों पर लापरवाही और उदासीनता के आरोप लगाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भीषण गर्मी के इस दौर में पंचायत के कई क्षेत्रों में लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं और बच्चों को दूरदराज के क्षेत्रों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता मुर्तजा मिर्जा ने कहा कि जल जीवन मिशन और मैकेनिकल विभाग की कथित लापरवाही तथा कार्यों में समन्वय की कमी के कारण मल्हट पंचायत के लोग पानी जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से करोड़ों रुपये खर्च कर चलाई जा रही योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर लोगों तक नहीं पहुंच रहा है।
मुर्तजा मिर्जा ने डीसी अभिषेक शर्मा से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह एक ऊर्जावान और सक्षम अधिकारी हैं और उन्हें इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि मल्हट पंचायत में जल जीवन मिशन योजना को तुरंत सक्रिय कर लोगों को नियमित पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने दोनों संबंधित विभागों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता अब किसी प्रकार के बहाने सुनने को तैयार नहीं है और केवल पानी चाहती है। उन्होंने कहा कि एक-दो दिनों के भीतर जलापूर्ति बहाल कर लोगों को राहत प्रदान की जाए।
मुर्तजा मिर्जा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि आगामी चार दिनों के भीतर पेयजल संकट का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के सहयोग से चौधरी नार–डोडाज मार्ग को बंद कर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी आंदोलन और उससे उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी जल जीवन मिशन और मैकेनिकल विभाग की होगी।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि