राजोरी। राजोरी जिले में मंगलवार तड़के से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। अप्रैल के महीने में अचानक बदले मौसम ने लोगों को कड़ाके की सर्दी का अहसास करा दिया। खबर लिखे जाने तक बारिश देर शाम तक जारी थी।
लगातार हो रही वर्षा के कारण शहर और ग्रामीण इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है। इससे आवागमन प्रभावित हुआ है। कई जगहों पर कीचड़ और फिसलन के कारण लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
राजोरी के ऊपरी पहाड़ी इलाकों बुद्धल, कोटरंका, दरहाल, थन्नामंडी और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों के ऊंचे पहाड़ो में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। इससे ठंड और बढ़ गई है। इस असामान्य मौसम के चलते अप्रैल में ही सर्दियों जैसा माहौल बन गया है। आमतौर पर इस समय तापमान बढ़ने लगता है लेकिन इस बार तापमान में गिरावट देखी जा रही है।
बारिश और बर्फबारी के चलते प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। फिसलन भरी सड़कों और जलभराव के कारण हादसों की आशंका भी बढ़ गई है। अधिकारियों ने अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की स्थिति को देखते हुए ही बाहर निकलने की अपील की है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं। लगातार बारिश से फसलों को नुकसान होने की आशंका है।