सेना कमांडर अधिकारियों से बात करते हुए।
- फोटो : rajori news
राजोरी। सेना कमांडर नार्दर्न कमांड लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने जीओसी व्हाइट नाइट कोर पीके मिश्रा के साथ पीर पंजाल रेंज की अग्रिम चौकियों का दौरा किया। इस दौरान आतंकवाद रोधी एवं घुसपैठ रोधी तैनाती का आकलन किया गया।
अधिकारियों ने खतरों को बेअसर करने और परिचालन क्षेत्र पर प्रभुत्व बनाए रखने के लिए आक्रामक इरादे, निर्बाध निगरानी और निरंतर मिशन तत्परता की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं इस अवसर पर फील्ड कमांडरों ने सैन्य अधिकारियों को आतंकी घुसपैठ को रोकने के लिए जमीनी स्तर पर की गई तैयारियां और उठाए जाने वाले कदमो के बारे मे जानकारी दी । सेना कमांडर ने नियंत्रण रेखा के उस पार दुश्मन की हर गतिविधि पर कड़ी नज़र रखने और दुश्मन के हर नापाक मंसूबे को नाकाम करने के लिए सतर्क और चौकस रहने पर बल दिया। साथ ही दुश्मन को उसी की भाषा में करारा जवाब देने के निर्देश जारी किए। वहीं उन्होंने आम जनता के साथ साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल पर जोर दिया और अवाम और जनता के बीच बेहतर संबंध बनाने की बात कही।
बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर में मुंह की खाने के बाद भी पाकिस्तान बाज़ नहीं आया और राजोरी के विभिन्न क्षेत्रों से 3 बार आतंकियों को घुसपैठ करवाने का प्रयास किया। भारतीय सेना ने हर बार पाकिस्तान की इस कोशिश को नाकाम किया है और 2 घुसपैठियों को ढेर करने के साथ एक आतंकी गाइड को पकड़ा।