राजोरी। सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) राजोरी में पैरा मेडिकल की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों ने बुधवार को कक्षाओं का बहिष्कार कर सड़क जाम कर जम्मू विश्वविद्यालय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सुबह कॉलेज खुलते ही विद्यार्थियों ने कॉलेज के बाहर राजोरी-धनौर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
गुस्साए विद्यार्थियों ने बताया कि कुछ दिन पहले हमारा परिणाम घोषित हुआ है और परिणाम देख कर ऐसा लगता है कि आंसर शीट्स को चेक करने मे धांधली हुई है। उन्होंने बताया कि कॉलेज के अधिक विद्यार्थियों कोे दो ही विषयोे फिजियोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री मे फेल किया गया है। ऐसा कैसे सम्भव है कि पूरे कॉलेज के 50 में से 46 विद्यार्थी दो ही विषयोें मे फेल हुए हैं। उन्होंने बताया कि हमने यूनिवर्सिटी से गुहार लगाई थी कि यदि हमें फेल किया गया है तो हमें आंसर शीट्स की रीचेकिंग के लिए मौका दिया जाए, लेकिन यूनिवर्सिटी ने पैरा मेडिकल के विद्यार्थियों को ऐसा कोई मौका नहीं दिया और फिर से सप्लीमेंट्री एग्जाम की घोषणा कर दी है। इतना ही नहीं इस बार सप्लीमेंट्री एग्जाम के लिए फिर से फॉर्म भरने के लिए 3000 रुपए फीस रखी गई है जोकि कॉलेज विद्यार्थियों के साथ अन्याय है।
वहीं प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों को शांत करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें भरोसा दिलाया कि वो उनकी मांग को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएंगे। पुलिस के आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने प्रदर्शन समाप्त किया। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि सप्लीमेंट्री एग्जाम से पहले रीचेकिंग का मौका नहीं दिया गया तो भूख हड़ताल पर बैठेंगे।