राजोरी। पहलगाम आतंकी हमले के बाद सीमावर्ती इलाकों में तनाव के बीच राजोरी जिले के किसान समय से पहले अपनी गेहूं की फसल काट रहे हैं। जिले के नौशेरा सब डिवीज़न के एलओसी से स्टे स्थानीय किसान विक्रम कुमार, शक्ति पाल आदि ने पहलगाम हमले की कड़ी निंदा की और स्थिति के बारे में बताया।
उन्होंने बताया कि एलओसी से स्टे लाम, झांगड़, सेर, ढींग मकड़ी, भवानी, खम्बा, गगरोट आदि ऐसे गांव सीमा के करीब हैं। पहलगाम की घटना के बाद से हमारा इलाका हाई अलर्ट पर है। हम अभी फसल काट रहे हैं क्योंकि ऐसे समय में कुछ भी हो सकता है और हम तैयार रहना चाहते हैं। हम जल्दी से जल्दी फसल काटना चाहते हैं ताकि अगर कोई स्थिति पैदा होती है तो हमें बड़ा नुकसान न हो।
ढींग के पूर्व सरपंच रमेश कुमार ने बताया कि इस हमले के बाद पूरे देश में भारी गुस्सा है। केंद्र सरकार ने भी जवाब में कुछ कूटनीतिक कदम उठाए हैं। हर नागरिक चाहता है कि कार्रवाई हो। लोग अपनी फसलों को लेकर चिंतित हैं और उन्हें बचाने के लिए भागदौड़ कर रहे हैं। पाकिस्तान लगातार घात लगाकर भारत को उकसा रहा है।