राजोरी। शहर और आसपास के क्षेत्रोें में वीरवार को मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। शाम चार बजे के बाद तेज बारिश से शहर व आसपास के इलाकों में सड़कों व गलियों में जलभराव से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में सड़कों से पानी लोगों की दुकानों में घुसा। नदी नालों में भी जलस्तर बढ़ गया है। ज़िले के पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ-साथ ओले भी गिरे और पीर पंजाल में बर्फबारी हुई। इससे कड़ाके की सर्दी का एहसास हो रहा है। बुद्धल, कंडी, दरहाल, थन्नामंडी आदि में तेज व मूसलाधार बारिश से फसलों में नई जान आई है और इससे किसान काफी खुश हैं।