राजोरी। राजोरी-थन्नामंडी सड़क मार्ग पर निरोजाल इलाके में मंगलवार सुबह एक कैंटर बस पलट गई। बताया जा रहा है कि मिनी बस से आगे निकलने की होड़ में यह हादसा हुआ है। इसमें 9 यात्री घायल हो गए। सह चालक को गंभीर अवस्था में जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है। हादसे के बाद कैंटर बस का चालक फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी धरपकड़ शुरू कर दी। कैंटर बस को जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार कैंटर बस (जेके11-1181) थन्नामंडी से राजोेरी की ओर आ रही थी। रास्ते में एक और मिनी बस से आगे निकलने की होड़ में कैंटर बस का चालक अपना संतुलन खो बैठा और अनियंत्रित होकर पलट गई।
मौके पर मौजूद कुछ चश्मदीदों ने बताया कि कैंटर बस इतनी तेज़ गति से दौड़ रही थी कि सड़क पर पलटने के बाद भी करीब 20 फीट तक सड़क पर आगे की ओर घिसटती चली गई। वहीं इस दौरान कैंटर बस में सवार 9 यात्री घायल हो गए, जिन्हे स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से जीएमसी राजोेरी शिफ्ट किया।
जीएमसी राजोेरी के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर मोहम्मद अहमद ने बताया कि जीएमसी राजोेरी में लाए गए घायल 9 यात्रियों में से एक की हालत नाजुक है, जिसे जम्मू रेफर किया गया है, जबकि अन्य की हालत स्थिर है। चिकित्सा अधीक्षक के अनुसार मोहम्मद यासिर (सेह चालक) निवासी प्लांगड़ थन्नामंडी की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों ज़ुलीफकार अली निवासी फतेहपुर, मोहम्मद हाफ़िज़ निवासी कर्योट, अरशद अहमद, अज़ीम मुख़्तार, इसरार हुसैन, इशरत कौसर, मुस्सरत मुख़्तार सभी निवासी भटियां और मोहम्मद कासिम निवासी दोदासनबाला का उपचार जारी है और हालत स्थिर है।