ज्यौड़ियां। सीमावर्ती पलांवाला क्षेत्र के गांव पंजतूत निवासी रितेश बनाल (13) ने छोटी उम्र में बड़ा खिताब जीता है। रितेश ने रयात बाहरा विश्वविद्यालय खरड़ (मोहाली) में आयोजित टीवी रियलिटी शो ''''किसमें कितना है दम'''' के ग्रैंड फिनाले में प्रतिभागियों को पछाड़कर ग्रैंड फिनाले की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। यह शो मार्च में हुआ था। इसमें विभिन्न राज्यों से 18 वर्ष तक के बच्चों ने भाग लिया था। रितेश ने डांस में ये उपलब्धि हासिल की है।
इस प्रतियोगिता के दूसरे राउंड में जम्मू के विभिन्न जिलों के बच्चों ने हिस्सा लिया था। इसमें रितेश ने डांस में स्वर्ण पदक जीता। तीसरे राउंड में भी उन्होंने विभिन्न प्रतिभागियों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया और फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में रितेश बनाल ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक के साथ ग्रैंड फिनाले में अपनी जगह बनाई।
ग्रैंड फिनाले में रितेश का मुकाबला 15 साल तक की उम्र के प्रतिभागियों से था। और उन्होंने सभी को चकित करते हुए सबसे छोटी उम्र में प्रथम स्थान हासिल किय। रितेश बनाल की मां पोली देवी और पिता रोशन लाल ने कहा, रितेश की मेहनत और समर्पण ने हमें गौरवान्वित किया है।