उधमपुर। विधायक रामनगर डॉ. सुनील भारद्वाज ने मंगलवार को रामनगर के टाउन हॉल में मासिक पब्लिक दरबार लगाकर जनता की समस्याएं और मांगें सुनीं। कार्यक्रम में एसडीएम स्वाति शीमर, विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
डॉ. भारद्वाज ने कहा कि उनका लक्ष्य रामनगर को हर क्षेत्र में विकसित और उन्नत बनाना है। जनता को सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने और प्रशासन व नागरिकों के बीच सीधा संवाद सुनिश्चित करने के लिए हर माह की 6 तारीख को जनदर्शन आयोजित किया जाता है। जनता ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, बिजली, राजस्व, कृषि, नगर पालिका तथा सरकारी योजनाओं से जुड़े मुद्दे उठाए जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया।
शिक्षकों की कमी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए डॉ. भारद्वाज ने शिक्षा विभाग को पूरे विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों में ऑन-स्पॉट गुणवत्ता जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के सक्षम नेतृत्व में रामनगर के लिए निरंतर विकास योजनाएं और धनराशि लाई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों और जनता से मिलकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
डॉ. भारद्वाज ने कहा, रामनगर दशकों तक उपेक्षित रहा लेकिन अब केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अमृत 2.0, आरडीएसएस, पीएमजेएवाई, मुमकिन, लाडली बेटी, पीएम-किसान, फसल बीमा सहित अनेक योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरडीएसएस योजना के तहत उधमपुर जिले में बिजली ढांचे के सुधार के लिए 200 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं और सर्वे कार्य जारी है। पीएमजीएसवाई के तहत उधमपुर की 181 सड़कों की डीपीआर दूसरी किश्त के लिए प्रस्तावित हैं और शीघ्र ही मैकडमाइजेशन कार्य शुरू होगा।
अमृत 2.0 के माध्यम से रामनगर में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। शिक्षा अवसंरचना के तहत कई स्कूलों को अतिरिक्त कक्षाओं, चारदीवारी, खेल मैदान और सुरक्षा उपायों के लिए लाखों रुपये स्वीकृत किए गए हैं।