राजोरी। शनिवार को राजोरी मे शुरू हुआ बारिश का सिलसिला सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा, तो वहीं पीर पंजाल के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। जिला राजोरी के पहाड़ी इलाकों बुद्धल, कोटरंका, दरहाल, थन्नामंडी तहसील हेडक्वार्टर पर लगातार बारिश और इलाकों के ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ ओलावृष्टि हो रही है।
वहीं इलाकों के कई ऊपरी ऊंचाई वाले गांवों में 6 से 8 इंच हिमपात हुआ है और रुक रुककर यह सिलसिला लगातार जारी है, जिसके चलते पहाड़ी इलाके कड़ाके की ठंड की चपेट में है। शहर और आसपास के क्षेत्रोें में भी ठंड बढ़ गई है। वहीं राजोरी जिले के निचले मैदानी इलाकों और राजोरी शहर व आस पास के इलाकों में लगातार तेज व कभी धीमी बारिश का दौर जारी है। रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि को राजोरी जिले के मैदानी इलाकों मे रातभर तेज हवाएं चलती रही और बीच बीच में तेज बारिश होती रही और साथ ही ओले भी गिरते रहे। सोमवार सुबह फिर से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जो लगातार जारी है। वहीं बारिश और बर्फबारी से बिजली कटौती ने लोगों की दिक्कतें और भी बढ़ा दी हैं। राजोरी शहर और आसपास के इलाकों के अलावा जिले के पहाड़ी इलाकों में दिनभर बिजली की आंखमिचौली जारी रही। इसे लेकर लोगों में रोष है। उधर, लगातार हो बारिश से सड़कों पर जलभराव के कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। लगातार बारिश से जिले के कई गांवों ख्वास, बड्डाल, तरगाई, गब्बर, गोतू शाहपुर में सड़कों पर पस्सियां गिरने और फिसलन होने से यातायात ठप है। संवाद