जिला पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर पुंछ जिले के मेंढर तहसील के नक्का मंजारी निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे धर दबोच लिया है।
जानकारी के अनुसार शहर के खेवरा क्षेत्र की निवासी एक महिला रूखसाना कौसर ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया था कि मेंढर के नक्का मंजारी निवासी मोहम्मद यासीन पुत्र मीर हुसैन
उससे सरकारी नौकरी दिलाने का झांसे देकर रुपये वसूल रहा है। महिला के अनुसार उक्त व्यक्ति ने खुद को सेना एक अधिकारी बताकर उससे सरकारी नौकरी दिलाने के लिए रुपये मांगे थे। महिला ने व्यक्ति को पहले 50 हजार रुपये दे दिए थे।
करीब दो हफ्ते बाद उसने महिला से 10 हजार रुपये और मांगे। इस पर महिला ने और रुपये देने से इंकार किया, तो व्यक्ति ने उसे धमकियां देना शुरू कर दी। महिला ने राजोरी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा न्याय की गुहार लगाई थी।
वहीं राजोरी पुलिस ने वीरवार को उस व्यक्ति को उस समय राजोरी से गिरफ्तार कर लिया, जब वह महिला से और रुपये लेने आ रहा था। पुलिस नेे उसे आरपीसी की धारा 419 और 420 के अंतर्गत गिरफ्तार कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस उससे कड़ी पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह अकेला ही इस अवैध कारोबार में शामिल है या कुछ और लोग भी उसके साथ मिल लोगों को गुमराह कर रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को चूना लगाया है।