संवाद न्यूज एजेंसी
राजोेरी। दरहाल में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने निजी मोबाइल फोन में वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्किंग एप का उपयोग कर जिला मजिस्ट्रेट के आदेश का उल्लंघन करने पर एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान मजहर इकबाल पुत्र अजहर इकबाल (30) निवासी ग्राम धनोर जरालां तहसील एवं जिला राजोेरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दरहाल में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने कहा कि व्यक्ति को पुलिस स्टेशन दरहाल की नाका टीम ने दरहाल के दोदाज इलाके में रोका, जांच करने पर निजी मोबाइल में थंडर वीपीएन एप्लिकेशन इंस्टॉल पाया गया।
उल्लेखनीय है कि जिला मजिस्ट्रेट राजोेरी ने आदेश के तहत जिले में लोकसभा चुनाव की समाप्ति तक सभी प्रकार के वीपीएन उपयोग को निलंबित कर दिया है। पिछले दो दिन के दौरान जिले में इस तरह के उल्लंघन के लिए दो मामले दर्ज किए गए हैं। पहला मामला पुलिस स्टेशन कंडी और दूसरा मामला पुलिस स्टेशन दरहाल में दर्ज किया गया है।