कोटरंका के साड़ा स्कूल का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। राजोेरी जिले के कोटरंका शिक्षा जोेन के तहत पड़ने वाले सरकारी मिडल स्कूल साड़ा में शुक्रवार को छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। स्कूल के इंचार्ज हेडमास्टर ने बच्चे के कान पर मारा, जिसके चलते बच्चे के कान पर गहरा घाव आया और खून बहना शुरू हो गया।
स्कूल के तीसरी कक्षा के 8 वर्षीय मासूम पीड़ित बच्चे के पिता मोहम्मद शब्बीर ने बताया कि स्कूल के इंचार्ज हेडमास्टर मोहम्मद शरीफ स्कूल में ही कोई एक्टिविटी कर रहा था। तभी शब्बीर का बेटा किसी अन्य छात्र के साथ शौचालय गया और वहां किसी बात को लेकर छात्रों ने शोर शराबा करना शुरू कर दिया। इसी बीच इंचार्ज हेडमास्टर शरीफ ने बच्चे के साथ मारपीट शुरू कर दी। पहले उसे लातों से मारा और जब बच्चा नीचे गिरा तो उसने उसके कान पर थप्पड़ जड़ दिया। इस कारण उसके कान पर गहरा घाव आने के कारण कान से खून बहना शुरू हो गया। पिता के अनुसार इसी बीच उसी कार्यकारी हेडमास्टर ने बच्चे को किसी केमिस्ट की दुकान पर ले जाकर मरहम पट्टी करवाई और उसे घर पर छोड़ गया और परिवार को कुछ नहीं बताया। परिवार ने जब बच्चे के कान से खून बहता देखा तो उसे कोटरंका के सरकारी अस्पताल लाया, जहां डॉक्टर ने उसके कान का घाव देखा और उन्हें बेहतर उपचार के लिए जीएमसी राजोरी रेफर कर दिया। पिता ने बताया कि बच्चे के कान पर काफी गहरा घाव है और खून बहना बंद नहीं हो रहा है। वहीं पिता ने कोटरंका पुलिस थाने में शिक्षक के खिलाफ लिखित में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मास्टर को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस उसके घर गई थी, मगर वह नहीं मिला, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।