दिवाली कप क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में ब्लू स्टार और हथल इलेवन हारे
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरबनी। गांव मरचोला स्थित क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को दिवाली कप क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल खेले गए। इनमें ठेरा रॉयल क्लब और डोगरा क्लब ने जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। रविवार को दोनों टीमों के बीच खिताबी भिड़ंत होगी।
12-12 ओवर के इस मैच में ठेरा क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए ब्लू स्टार क्लब निर्धारित ओवरों में 6 विकेट गंवाकर 134 ही रन बना पाया, और यह मुकाबला 32 रनों से ठेरा रॉयल क्लब ने अपने नाम कर लिया। वहीं, दूसरे मुकाबले में डोगरा क्लब की भिड़ंत हथल इलेवन डोगरा क्लब के साथ हुई। डोगरा क्लब ने दो विकेट खोकर 226 का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसका पीछा करते हुए हथल इलेवन क्लब की टीम आठ विकेट खोकर मात्र 123 रन ही बना पाई। इस प्रकार डोगरा क्लब ने यह मुकाबला 103 रनों से जीता और फाइनल में जगह बनाई। मौके पर मौजूद समाजसेवी ठाकुर सीटू सिंह ने विजेता टीम और प्लेयर ऑफ द मैच को पुरस्कार दिया। रविवार को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह है।