राजोरी में सरकारी भवनों से अवैध कब्जे हटाते अधिकारी
- फोटो : RAJOURI
राजोरी। कब्जेदारों से सरकारी भवन खाली कराने के प्रयास को जारी रखते हुए जिला प्रशासन ने वीरवार को एक स्कूल भवन और एक पंचायत घर खाली कराया। बताया जाता है कि सरकारी हाई स्कूल चौधरीनाड़ का कुछ हिस्सा और पंचायत घर धनोर लोहारन का निर्माण अतिक्रमण कर किया गया है।
स्कूल भवन का हिस्सा ठेकेदार द्वारा भुगतान के मुद्दे पर बंद कर दिया गया था, लेकिन प्रशासन ने इसे खाली करा दिया, और उपयोग के लिए स्कूल को इमारत का हिस्सा सौंप दिया। जिला प्रशासन के अधिकारी ने बताया कि राजोेरी में पंचायत घर धनोर लोहारन की इमारत पर न केवल कब्जा कर लिया गया था, बल्कि उसकी जमीन पर एक अवैध ढांचा भी खड़ा कर दिया गया था। तहसीलदार मोहम्मद रफीक के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने अवैध रूप से बनाई गई संरचना को हटा दिया और पंचायत घर की इमारत खाली करा ली।
दो सप्ताह में जिला प्रशासन ने उपायुक्त राजेश के. शवन के आदेश पर पंचायत घर, आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल सहित सात सरकारी भवन खाली करा दिए गए हैं। उपायुक्त ने सभी फील्ड अधिकारियों को पहले से ही ऐसे सरकारी भवनों की पहचान करने के निर्देश जारी किए हैं।