मोगला ब्लॉक के जंगरीयाल गांव का मामला, विभाग ने दिया समाधान का आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरबनी। कालाकोट में बिजली विभाग कुंभकरण की नींद सो रहा है। बिजली बिल के नाम पर लोगों को मोटे बिल थमाए जा रहे हैं। जिला राजौरी के मोगला ब्लॉक के जंगरीयाल गांव के मजदूर को 311 यूनिट खर्च करने पर 10 हजार रुपये का बिल थमा दिया है। पीड़ित ने बताया कि विभाग ने उनके घर में मीटर लगाया और उन्हें लगातार बिल भेजते रहे। वह बिल का भुगतान साथ-साथ करते रहे। मगर हद तो तब हो गई जब बिजली विभाग ने मात्र 311 यूनिट की खपत पर 10 हजार रुपये बिल थमा दिया और फिर से 880 रुपए का बिल भेज दिया।
पीड़ित ने बताया कि मीटर रीडर ने बिल जमा न करवाने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि लगभग एक साल पहले बिजली विभाग ने खुद घर में आकर यह मीटर लगाया था। दिनभर खेती-बाड़ी का काम करते हैं बिजली का प्रयोग नहीं करते, रात को खाना बनाने के समय केवल बल्ब जलाते हैं या फिर अधिक गर्मी होने के कारण एक घंटा पंखे का प्रयोग करते हैं। कुल मिलाकर 311 यूनिट बिजली की ही खपत की है। इसकी एवज में विभाग ने हमसे लगभग 10000 के आसपास भारी भरकम बिल पहले ही वसूल किया है। उन्होंने जिला प्रशासन से बिल भेजना बंद करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वे लगभग 50 हजार से अधिक बिजली बिल पहले से ही विभाग के पास जमा करवा चुके हैं।
बिजली विभाग के अभियंता ने कहा कि कई लोगों के साथ यह हो सकता है कि उन्होंने कम बिजली का प्रयोग किया हो और उन्हें विभाग की तरफ से अधिक बिल थमा दिया गया हो। यदि इस प्रकार का कोई मामला आपके संज्ञान में हो तो हमें बता सकते हैं। पीड़ित के सारे रिकॉर्ड की जांच पड़ताल की जाएगी। यदि जरूरत पड़ने पर उनके बिल को बंद किया जाएगा।