राजोरी। बाबा गुलाम शाह बादशाह विश्वविद्यालय (बीजीएसबी विवि) के कुलपति ने बुधवार को बीजीएसबी नर्सिंग कॉलेज जम्मू का औचक दौरा किया। उनका कॉलेज के प्राचार्य ने स्वागत किया। कुलपति प्रोफेसर अकबर मसूद ने विशेष सचिव सुनीत गुप्ता के साथ कॉलेज के अकादमिक, प्रयोगशाला और छात्रावास ब्लॉक का दौरा किया ताकि कॉलेज के मौजूदा शैक्षणिक और ढांचागत परिदृश्य और अकादमिक जीवन में सुधार के लिए भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी ली जा सके।
कुलपति को प्राचार्य डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने छात्रों के लिए उपलब्ध कराई गई विभिन्न सुविधाओं और नर्सिंग शिक्षा में उत्कृष्टता केंद्र के रूप में बीजीएसबी कॉलेज ऑफ नर्सिंग जम्मू को विकसित करने के लिए शैक्षणिक और बुनियादी सुविधाओं को अपग्रेड करने की भविष्य की योजनाओं के बारे में अवगत कराया। प्रोफेसर अकबर ने नर्सिंग कॉलेज के कामकाज पर पूर्ण संतोष व्यक्त किया। इसके विकास के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। कुलपति ने कोरोना वायरस को दूर रखने के लिए आधिकारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए परिसर में सख्त कोविड संबंधित एसओपी का पालन करने की आवश्यकता पर जोर दिया।