राजोरी। वाट्सएप में एक सरकारी शिक्षक को आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करना महंगा पड़ा। सीईओ ने मामले का संज्ञान लेते हुए उसे तत्काल निलंबित कर दूसरे स्कूल में अटैच कर दिया है।
सीईओ चौधरी गुलजार हुसैन की तरफ से जारी नोटिस के अनुसार कालाकोट शिक्षा जोन के सरकारी हाई स्कूल बरेवी में तैनात शिक्षक इफ़्तेखार अहमद मलिक ने जेडईओ ऑफिस कालाकोट नामक वाट्सएप ग्रुप में एक आपत्तिजनक पोस्ट शेयर की। सीईओ के अनुसार तीन दिन पहले सरकार ने श्रीनगर के एक शिक्षक को देश विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए जाने के बाद नौकरी से बर्खास्त कर दिया। शिक्षक को बर्खास्त करने को गलत करार देते हुए अपनी पार्टी के नेता अल्ताफ हुसैन बुखारी ने एक पोस्ट सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर शेयर की थी। सीईओ ने बताया कि बुखारी की उसी पोस्ट को शिक्षक इफ़्तेखार अहमद मलिक ने जेडईओ कार्यालय ग्रुप में पोस्ट किया जो बहुत बड़ा अपराध माना जाता है। सीईओ ने बताया कि किसी भी सरकारी कर्मचारी को सरकार द्वारा जारी किए गए आदेश के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट को शेयर करने का अधिकार नहीं है। शिक्षक मलिक ने यह पोस्ट शेयर करके अपराध किया है। शिक्षक के इस रवैये का उच्च अधिकारियों ने भी कड़ा संज्ञान लिया है। इसके चलते शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। उसके खिलाफ जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।